नामाकंन जमा करने के लिए सादाबाद ब्लाक दफ्तर पर लगी लाइन।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
पंचायत चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन पर्चा दाखिल करने के लिए सुबह से ही प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ज्यादातर प्रत्याशियों ने शुुुभ मुुहूर्त में पर्चा दाखिल किया। महिला दावेदार भी कतार में खड़ी दिखाई दीं। ब्लॉक के बाहर भी उम्मीदवारों के समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। रविवार को 58 ग्राम पंचायतों के लिए 844 नामांकन दाखिल हुए।
सुबह आठ बजे से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई जो कि शाम पांच बजे तक चली। नामांकन कक्ष में उम्मीदवार के साथ सिर्फ एक व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति दी गई। ग्राम प्रधान पद के नामांकन जमा करने के लिए नौ काउंटर बनाए गए थे।
आरओ सुमित कुमार ने बताया कि रविवार को ग्राम प्रधान पद के लिए 265, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 422 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 157 उम्मीदवारों ने नामांकन जमा किए। इससे पूर्व शनिवार को ग्राम प्रधान पद के लिए 338, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 125 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 117 नामांकन पत्र जमा किए गए थे।
एसडीएम राजेश कुमार, सीओ ब्रह्म सिंह, नायब तहसीलदार राकेशचंद्रा ने भी ब्लॉक पर पहुंचकर नामांकन की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौके पर बीडीओ के अलावा एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल, सचिव देवेंद्र गौतम व आरओ सुमित कुमार व अन्य लोग मौजूद रहे।