न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
बेसिक शिक्षा विभाग के हसायन क्षेत्र के नगला मियां स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक के शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन में फर्जी पाए गए हैं। खास बात यह है कि शिक्षक 31 मार्च को रिटायर हो रहा है। बीएसए ने वेतन पर रोक लगाते हुए शिक्षक को नोटिस जारी किया है।
विकास खंड हसायन के नगला मियां स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में राम सिंह सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। शिक्षक ने हाईस्कूल परीक्षा वर्ष 1972 अनुक्रमांक 54043 एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 1974 अनुक्रमांक 26220 के अंकपत्र और प्रमाण पत्र के आधार पर बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी हासिल की।
इनके शैक्षिक प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायत विभाग को प्राप्त हुई, जिसके बाद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट का सत्यापन सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद से कराया गया, जिसमें बोर्ड द्वारा बताया गया है कि सत्यापन को भेजे गए अनुक्रमांक पर अन्य छात्र का विवरण अंकित है।
इससे यह बात सामने आई कि राम सिंह द्वारा कूटरचित एवं फर्जी अभिलेख प्रस्तुत कर नौकरी प्राप्त की गई थी। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए नोटिस जारी किया गया है। यहां पर खास बात यह है कि शिक्षक 31 मार्च को रिटायर हो रहे हैं और अब विभाग को इनके शैक्षिक प्रमाण पत्रों के फर्जी होने की जानकारी मिली है।
शिक्षक के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन में फर्जी पाए गए हैं। इसे लेकर शिक्षक का वेतन रोके जाने की कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है। 30 मार्च को शिक्षक को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है, अन्यथा की स्थिति में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-हरीशचंद्र, बीएसए हाथरस