न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में कई ग्रामों में सफाई कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छाग्रही का काम भी संभाल रहे हैं। अब इन सभी सफाई कर्मियों को स्वच्छाग्रही के कार्य के मुक्त किया जा रहा है। वहीं सभी सफाई कर्मी अपने तैनाती स्थलों पर पहुंचकर सफाई कार्य करेंगे। डीपीआरओ ने निर्देश दिया है कि जो भी सफाई कर्मी अपनी तैनाती स्थल पर चार्ज नहीं संभालेगा, उस सफाई कर्मी का वर्तमान माह का वेतन देय नहीं होगा। इस कार्रवाई के बाद सफाई कर्मियों में खलबली मची हुई है।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ग्राम पंचायतों में स्वच्छाग्रही तैनात किए गए हैं। वही करीब 26 ग्राम पंचायतों में सफाईकर्मी स्वच्छाग्रही का काम देख रहे हैं। अब इस सभी सर्फाइ कर्मियों को कार्यमुक्त करने की कार्यवाही शुरू की जा रही है। ये सभी सफाई कर्मी अपने तैनाती स्थल पर इसी माह में योगदान कर कार्यभार संभालेंगे।
वहीं संबंधित विभागीय अधिकारियों की ओर से इन ग्राम पंचायतों में नए तौर पर स्वच्छाग्रहियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सफाई कर्मियों द्वारा तैनाती स्थल पर कार्य नहीं करने से सफाई कार्य ठप पड़ा हुआ था। इसके चलते डीपीआरओ बनवारी सिंह द्वारा यह कदम उठाया गया है।