हाथरस। करीब डेढ़ करोड़ से हाथरस की सिकंदराराऊ तहसील में ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को शासन ने दूसरी किस्त भी जारी कर दी। किस्त जारी होते ही इस ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
जिले भर में कोई ट्रॉमा सेंटर नहीं होने के कारण इमरजेंसी के मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। दुर्घटना के बाद मरीजों को दूसरे स्थानों पर ले जाना पड़ता था। लाने-ले जाने में ही कई बार मरीजों की मौत तक हो जाती थी। इस समस्या को देखते हुए सरकार ने इसी साल सिकंदराराऊ में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण को मंजूरी दे दी थी। मंजूरी के दौरान ही पहली किस्त जनवरी माह में करीब 78 लाख रुपये की जारी कर दी गई थी, जिसके बाद ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य तो शुरू हो गया, लेकिन दूसरी किस्त जारी होने में देरी होने के कारण निर्माण का काम बीच में ही रुक गया। शनिवार को शासन ने इस ट्रॉमा सेंटर के लिए के लिए अपनी दूसरी किस्त के रूप में 78,90,000 की धनराशि जिले के स्वास्थ्य विभाग को जारी कर दी। इससे अब फिर से ट्रॉमा सेंटर के बनने का काम शुरू हो गया है। सिकंदराराऊ में ट्रॉमा सेंटर बनने के बाद जिलेभर के लोगों को आकस्मिक चिकित्सा जरूरतों के लिए दूसरे जिलों या शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा।
-सिकंदराराऊ के ट्रॉमा सेंटर के लिए दूसरी किस्त प्राप्त हो चुकी है। ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
-डॉ. रामवीर सिंह, सीएमओ, हाथरस।