न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। डूडा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वर में समस्या के कारण 80 पात्रों को आवास निर्माण की पहली किश्त नहीं मिल सकी। यहां विभाग की ओर से 717 लाभार्थियों को पहली किश्त 50 हजार रुपये की जारी की गई थी। अब यह लाभार्थी बैंकों और विभागीय कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
विभागीय स्तर से इन लाभार्थियों की सूची बनाकर शासन को भेज दी गई है। पीओ डूडा मंजू सिंह के अनुसार भुगतान की अनुमति होने में शासन स्तर से ही समय लग रहा है। इसके कारण कुछ खातों में धनराशि देरी पहुंच पा रही है। उन्होंने बताया कि लाभार्थी अपने खातों को बैंकों में जाकर चैक करा लें। अगर उनके खाते बैंकों से बंद है, तो उन्हें तुरंत चालू कराए, ताकि उनकी धनराशि उनके खाते में पहुंच सके।
विभाग की ओर से पात्रों के खाते में दूसरी किश्त भेजना भी शुरू हो गया है। डेढ़ लाख रुपये की दूसरी किश्त 112 लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है। बचे हुए लाभार्थियों के खाते में भी दूसरी किश्त जल्द शासन स्तर से भेज दी जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियां कर दी गई है। अभी कुछ पात्रों ने पहली किश्त से होने वाले काम का पूरा ब्योरा विभाग को नहीं दिया है। इसके कारण उनकी दूसरी किश्त जारी नहीं हो सकी है। अब विभाग लाभार्थियों से पहली किश्त के खर्चे का ब्योरा ले रहा है।