न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
सूबे में कल्याणकारी योजनाओं के लाभ वंचित पात्रों को गांवों में जाकर तलाशने के लिए शासन ने फरमान जारी कर दिया है। शासन की 8 कार्यक्रमों के तहत संबंधित विभागीय अधिकारी टीमें बनाकर अब गांवों में जाकर सर्वे करेंगे और उन पात्रों की सूची तैयार करेंगे जो शासन की योजनाओं से लाभ लेने वंचित रह गए हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने रणनीति तैयार कर ली है। सभी विभागों ने अपना सर्वे फॉर्म भी तैयार कर लिया है। यह रिपोर्ट सभी विभाग आगामी 2 अगस्त तक सौंपेंगे।
यह टीमें पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिलाओं की पेंशन वितरण, किसान पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, अन्त्योदय राशन कार्ड, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा योजना कार्यक्रम के तहत गांवों में पात्रों का सर्वे करेंगी। इस सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद जिला स्तरीय अधिकारी उसका सत्यापन करेंगे। सभी ब्लॉकों पर नोडल अधिकारी तैनात कर दिए हैं। ताकि सर्वे पर निगरानी रखी जा सके। सर्वे के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर बुधवार को सभी टीमों को प्रशिक्षण दिया गया।
इस सर्वे को कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ रमा शंकर मौर्य की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। जो समयावधि में इस सर्वे को पूरा कराएगी। इस कमेटी में सीडीओ को सचिव नामित किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर एक पर्यवेक्षक की तैनाती की गई। सर्वेक्षण की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित विभागीय अधिकारी लेंगे।