अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
बिजली महकमे ने आईपीडीएस योजना के तहत 11 केवी मुरसान टाउन फीडर और 11 केवी पटा फीडर से जुड़े इलाकों में विद्युतीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। कार्य पूरा होने के बाद इन दोनों इलाकों के लोगों को बिजली की बेहतर आपूर्ति मिलने लगेगी।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुरसान से निकलने वाले मुरसान टाउन और पटा फीडर से जुड़े इलाकों में काफी समय से विद्युतीकरण किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। यहां के लोग बिजली समस्याओं से काफी आजिज आ चुके थे। समस्या को दूर करने के लिए महकमे ने इन दोनों फीडरों से जुड़े इलाकों में विद्युतीकरण का कार्य शुरू करा दिया है।
यह कार्य एक जुलाई से शुरू हो चुका है। एक महीने तक विद्युतीकरण कार्य सुचारू रूप से चलेगा। अधिशासी अभियंता द्वितीय खंड ने बताया कि विद्युतीकरण के कार्य की जिम्मेदारी मै. खान इंटरप्राइजेज को दी गई है। विद्युतीकरण का कार्य 30 जुलाई तक पूरा किया जाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्युतीकरण का कार्य होने की वजह से 30 जुलाई तक सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान उपभोक्ताओं को काफी कम बिजली मिल सकेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया है।