सराफ से 70 हजार रुपये, चेन लूटी
बाइक पर सवार होकर आए छह बदमाशों का दुस्साहस
भयभीत करने के लिए फायरिंग करते हुए भागे बदमाश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
सहपऊ (हाथरस)। क्षेत्र के गांव जलेसर रोड (मानिकपुर) पर सोमवार की शाम को दुकान बंद करते समय एक सराफ से हथियारों के बल पर बदमाशों ने 70 हजार रुपये नकद और सोने की चेन लूट ली। भागते समय बदमाशों ने पीड़ित को भयभीत करने के लिए तमंचों से फायरिंग भी की। फायरिंग की आवाज सुनकर किसी ने भी उनका पीछा करने की हिम्मत नहीं की। पुलिस मौके पर पहुंच गई। खबर लिखने तक बदमाशों की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी थी।
गांव जलेसर रोड (मानिकपुर) के निकट सादाबाद-जलेसर मार्ग पर रेलवे लाइन पार करने के लिए बने ओवरब्रिज के पास जलेसर की ओर बनी प्रधान की मार्केट में एटा जिले के थाना बेरनी निवासी दीपक कुमार पुत्र राजाराम सराफ की दुकान करते हैं। रोजाना की तरह सोमवार की शाम को करीब साढ़े छह बजे वह अपनी दुकान बंद कर सेंट्रो कार में बैठ रहे थे। तभी जलेसर की ओर से तीन बाइकों पर सवार होकर छह युवक आए। इन युवकों के हाथों में तमंचे थे। इन युवकों ने दीपक की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और उसके हाथ में लगा नकदी से भरा थैला छीन लिया। जेब में रखे दस हजार रुपये के साथ गले में लटकी चेन भी खींच लिया और फरार हो गए।
जलेसर की ओर जाते समय बदमाशों ने तमंचों से कई फायर भी किए। गोलियों की आवाज सुनकर किसी ने भी उनके पीछे भागने की हिम्मत नहीं जुटाई। दीपक के अनुसार उसके थैले में 60 हजार रुपये रखे हुए थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उसे लेकर जिधर बदमाश भागे थे, उस ओर खोजबीन करने चली गई। कोतवाल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने लगे। शाम को हथियारों के बल पर सराफ से लूट की घटना से दुकानदारों में भय व्याप्त हो गया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस के साथ बदमाशों को देखने गया दीपक लौटकर नहीं आया था। इस कारण इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी जा सकी थी।