हाथरस। चौथे चरण के मतदान में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ लगी रही। हर दो घंटे बाद मतदान का प्रतिशत तेजी से बढ़ता गया। शाम पांच बजे तक 65.17 प्रतिशत मतदान हुआ, जोकि अब तक के चारों चरणों में सबसे अधिक है। जोरदार मतदान के बाद सासनी के मतदाता ऑनर्स में पास हो गए। हालांकि खराब मौसम के चलते सुबह मतदान की शुरुआत बेहद सुस्ती से हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन ढलता गया, मतदान के प्रतिशत को रफ्तार मिलती गई।
चौथे चरण के मतदान में अधिक मतदान कराने की होड़ में दूर दराज के मतदान केंद्रों पर प्रत्याशी एवं समर्थक मतदाताओं को अपने-अपने संसाधनों से लाने ले जाने का सिलसिला चलता रहा। मजदूर वर्ग के लोगों को ट्रैक्टर जैसे वाहनों से ढाया गया। दरअसल कई मतदान केंद्र गांव से दूर बनाए गए थे। जबकि गांव में स्कूल जैसे सरकारी भवन मौजूद थे। इस कारण महिला, बुद्ध मतदाताओं को मतदान के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।