न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
विश्वविद्यालय प्रशासन के कानों में परीक्षा में नकल की भनक पहुंची तो मंगलवार को सचल दल को दौड़ा दिया। इगलास रोड स्थित बीडीएम महिला डिग्री कॉलेज में सामूहिक नकल होते मिली। वहीं कई डिग्री कॉलेजों में सचल दल को सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजी गई है।
पिछले कई दिनों से जनपद के डिग्री कॉलेज में डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की सत्र परीक्षा चल रही है। इस परीक्षा में कई डिग्री कॉलेजों में जमकर नकल भी हो रही है। इस बात की हकीकत मंगलवार को विश्वविद्यालय के सचल दल के सामने भी आ गई। विश्वविद्यालय का उड़नदस्ते डॉ.अनिल गुप्ता के नेतृत्व में बीडीएम महिला डिग्री कॉलेज संगीला पहुंचा। यहां पर गणित के पेपर में सामूहिक नकल हो रही थी। सचल दल में डॉ.राजीव कपिल, डॉ.राजेश कुमार हिंदी, डॉ.देवदत्तसिंह ने छापेमारी कर नकल का भंडाफोड़ किया।
द्वितीय पाली की परीक्षा में सचल दल ने भूदेवी खुशालीराम डिग्री कॉलेज हसायन, जलधारा डिग्री कॉलेज, एसएलडी डिग्री कॉलेज नगला ऑल, मलखान सिंह डिग्री कॉलेज ठूलई और तीसरी पाली की परीक्षा में सीपीएस महिला कॉलेज सिकंदराराऊ में परीक्षा के दौरान की सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग नहीं मिली। जनपद में सचल दल के होने की जानकारी होते ही नकल माफियाओं के होश उड़ गए और वह सचल दल के बारे में पल-पल की खबर फोन के माध्यम से अपने सूत्रों से लेते रहे।