अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
ग्रीन हाथरस क्लीन हाथरस के तहत शहर में युवाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की हर कोई सराहना कर रहा है। नगर पालिका प्रकाश विभाग के अधिकारियों ने भी युवाओं का सहयोग करते हुए सफाई में हाथ बंटाया। रविवार को युवाओं की टीम ने शहर के सबसे व्यस्त बाजार घंटाघर पर सफाई अभियान चलाया।
युवाओं ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे बाजार की सफाई की और कूड़ा एकत्रित करके नगर पालिका के ट्रैक्टरों में भरकर फिकवाया। बाजार के लोग भी युवाओं इस कार्य की सराहना करते हुए नहीं थक रहे थे। सूचना पर नगर पालिका प्रकाश विभाग के अधिकारी योगेश भारद्वाज व सत्यवीर भी पहुंच गए और सफाई में सहयोग किया।
दोनों अधिकारियों ने युवाओं के इस कार्य की सराहना की। सफाई अभियान के बाद ओढ़पुरा रोड स्थित काका हाथरसी स्मृति भवन में गुरु पूर्णिमा के मौके पर युवाओं ने काका जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
युवाओं की टीम में शामिल सिद्धार्थ शर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य हाथरस को देश में सफाई के लिए 200वें स्थान पर लाना है। अभी हमारा हाथरस 434वें स्थान पर है। इसके लिए सभी को अपना सहयोग देना होगा।
शहर में ग्रीन हाथरस क्लीन हाथरस के तहत सफाई अभियान इसी तरह जारी रहेगा। वार्ता के दौरान क्लीन हाथरस मूवमेंट टीम भी बनाई गई जिसमें युवाओं को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की सफाई व्यवस्था को लेकर डीएम काफी गंभीर हैं। वह युवाओं के आदर्श बने हुए हैं। सफाई अभियान में सिद्धार्थ शर्मा, जय दीक्षित, त्रिभुवन शर्मा, शिवा चौधरी, अजीत दीक्षित, विक्रांत सोनी, उपदेश पौनिया, किशोर शर्मा, दीपक चौधरी, योगेश चौधरी आदि शामिल थे।