दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की हाथरस शाखा के तत्वाधान में रविवार को ब्राइट कॅरिअर पब्लिक स्कूल रूहेरी में सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें कुल पंजीकृत 662 में से 518 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में पंजीकृत 290 से 243, सीनियर वर्ग में 265 में से 210 एवं अपर सीनियर वर्ग में 107 में से 65 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
इस परीक्षा में कक्षा 6 से ऊपर किसी भी कक्षा, किसी भी बोर्ड में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। परीक्षा ओएमआर शीट पर हुई। इसका पूर्णांक 100 अंक एवं निर्धारित समय एक घंटा 30 मिनट था। परिणाम की घोषणा 30 नवंबर को आंबेडकर पार्क तमन्ना गढ़ी अलीगढ़ रोड पर होगी। इसी दिन प्रात: 10 बजे प्रतिभा सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
तीनों वर्गों में 10-10 योग्य परीक्षार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। जिसमें प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान के बाद प्रत्येक वर्ग में 7-7 सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग में एक-एक प्रतिभागी को 300 रुपये प्रतिमाह 11 माह तक छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। इसका चयन साक्षात्कार के आधार पर होगा।
परीक्षा में प्रबंधक नेम सिंह, सुनील कुमार पचौरी प्राचार्य, डॉ. सितारी राम, इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार, पूरन सिंह, यशवीर सिंह लॉर्ड बुद्धा एजुकेशन सोसायटी, अनिल कुमार, योगेश कुमार, सौरभ कुमार, विजय कुमार जिला कोषाध्यक्ष दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया शाखा हाथरस आदि उपस्थित थे।