न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बेसिक शिक्षा विभाग में तीन साल से एक ही पटल पर जमे बाबुओं पर अब शासन की नजर पड़ गई है। तभी तो ऐसे बाबुओं के संबंध में शासन ने बीएसए से प्रमाण मांगा है। इस बात से बाबुओं में खलबली मची हुई है।
बेसिक के दफ्तरों में एक ही सीट पर कुंडली मारे बाबुओं के अब पटल बदले जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तभी तो बेसिक शिक्षा सचिव ने आदेश जारी कर सभी बीएसए से बाबुओं के बारे में ब्यौरा मांगा है। जिसमें बाबू के किस पद पर कितने समय तक रहने की जानकारी भी मांगी है।
इस बात से लंबे समय से एक ही ब्लॉक में एक ही पटल देख रहे बाबुओं में खलबली मची हुई है। बीएसए हरीशचंद्र का कहना है कि बाबुओं के बारे में शासन द्वारा ब्यौरा मांगा गया है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी मांगी गई है, ताकि शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके।