न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। डीएम के आदेश पर 2 नवंबर को सीडीओ ने खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले किए थे। अब इन तबादला आदेशों को लेकर जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग में ठन गई है। इन आदेशों को खंड शिक्षा अधिकारी मानने को तैयार नहीं हो रहे है। इसके कारण खंड शिक्षा अधिकारी नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे है।
वही एक ब्लॉक में कार्यभार ग्रहण करने के बावजूद भी पूर्वरत तैनात अधिकारी अपने आदेशों से पत्रों को जारी करने में लगी हुई है। अब इस प्रकरण में जिला प्रशासन की ओर से शासन स्तर तक कार्रवाई किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां इस पत्र पर सीडीओ के हस्ताक्षर होने पर संबंधित अधिकारी आपत्ति जता रहे हैं। जिले में इन दिनों खंड शिक्षा अधिकारियों के लिए डीएम के आदेश पर हुए तबादलों के कोई मायने नहीं है। यहां 2 नवंबर को जारी हुए तबादले में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एक से दूसरे स्थानों पर तैनाती दी गई थी।
इस आदेश पर डीएम के आदेश के क्रम में सीडीओ एसपी सिंह ने हस्ताक्षर किए थे। इन हस्ताक्षरों को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी लामबंद हो गए और इन आदेशों को ताक पर रख अपने ही पूर्वरत स्थानों पर कार्य कर रहे है। वहीं मुरसान ब्लॉक में सुबोध कुमार पाठक ने 5 नवंबर को तबादले पत्र के आधार पर कार्यभार ग्रहण कर लिया था, लेकिन अब लामबंद होने के बाद पूर्वरत तैनात पवन कुमारी पुन: अपने मुरसान ब्लॉक कार्यालय पर पहुंच गई और उन्होंने पुन: पद भार ग्रहण कर लिया और यहां तक कि इसे लेकर बीआरसी हतीसा में उनका कर्मचारियों द्वारा भव्य स्वागत भी किया गया।
इतना ही नहीं उन्होंने 13 नवंबर में चार्ज न होने के बाद भी सभी संकुल प्रभारियों को स्वेटर वितरण की संख्या व ग्रुप पर फोटो भेजने के निर्देश भी जारी कर दिए। जब कि इसके लिए सुबोध कुमार पाठक को अधिकार प्राप्त थे।
अब इस मामले में जिला प्रशासन ने भी सख्त कार्रवाई करने का मूड बना लिया है। इस पूरे प्रकरण में शासन को भी अवगत कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। ताकि उच्चाधिकारियों के आदेशों के अनुपालन न करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
हेडिंग
कार्रवाई: मुरसान में पूर्वरत खंड शिक्षा अधिकारी का नवंबर माह का रोका वेतन
क्रासर
उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पर मांगा स्पष्टीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। खंड विकास अधिकारियों द्वारा तबादले आदेश के आधार पर नवीन स्थलों पर कार्यभार ग्रहण न करने के मामले में डीएम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इस मामले में मुरसान ब्लॉक की पूर्वरत खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमारी को नवंबर माह का वेतन रोकने के आदेश जारी किए है। वहीं चार्ज छोड़ने के पश्चात मुरसान ब्लॉक में कार्य करने के संबंध में तीन दिन में सीडीओ के माध्यम से स्पष्टीकरण देने के आदेश भी दिए गए है।
डीएम डॉ. रमा शंकर मौर्य ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मनमानी रवैये को लेकर अब कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमारी को दिए पत्र में यह लिखा है कि सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि स्थानांतरण होने के बाद नवीन तैनात खंड शिक्षा अधिकारी सुबोध कुमार पाठक ने 5 नवंबर को चार्ज ग्रहण किया था, लेकिन इसके बाद भी 14 नवंबर को पवन कुमारी द्वारा ब्लॉक मुरसान में कार्य किया जा रहा है। पत्र में यह भी अंकित किया गया है कि आपके द्वारा उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं किया गया है। इसी क्रम में स्थानांतरण आदेश प्राप्त होने के बाद भी अपने नवीन विकास खंड में योगदान नहीं किया गया और चार्ज छोड़ने के बाद भी उसी विकास खंड में कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में सीडीओ के माध्यम से तीन दिनों के अंदर अपना स्पष्टीकरण भेजें। वही डीएम ने उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के संबंध में माह नवंबर का वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए है।
पूर्वरत खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस मामले में उनके वेतन रोकने की कार्रवाई भी की गई है। मामला गंभीर है।
डॉ. रमा शंकर मौर्य, डीएम