अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों को एक से 15 सितंबर तक स्वच्छ भारत के लिए स्वच्छता अभियान-स्वच्छता पखवाड़ा चलाए जाने का परामर्श दिया है। अभियान के तहत कई गतिविधियां भी विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी।
स्वच्छता पखवाड़े के पहले दिन एक सितंबर को स्कूलों में स्वच्छता शपथ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी छात्र और शिक्षक स्टाफ कर्मचारी भाग ले सकेंगे। स्कूलों में सफाई एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालने के लिए सितंबर के प्रथम सप्ताह में एसएमसी/पीटीए की बैठक अथवा शिक्षकों और माता पिता के बीच एक बैठक आयोजित की जाएगी।
शिक्षकों द्वारा विद्यालय में स्वच्छता की सुविधा का निरीक्षण किया जाएगा और सुविधाओं की मरम्मत और रखरखाव के लिए प्रस्ताव अथवा योजना बनवाई जाए। विद्यालय में सफाई स्वच्छता प्रथाओं पर छात्रों के लिए निबंध व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छता पर वाद विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित करनी होगी। विद्यालय की वेबसाइट पर स्वच्छता जागरूकता संदेश पोस्ट करने होंगे या विद्यालय में स्वच्छता पर फोटो प्रदर्शित किए जाएंगे।
इस अभियान से जन जागरूकता भी फैलाई जा सकेगी। सीबीएसई सिटी कोआर्डिनेटर हाथरस डॉ. जगदीश शर्मा ने बताया कि साफ सफाई व स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यह एक अच्छा कार्यक्रम है। यह विद्यालयों में प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।