चावल का भंडारण नौगांव में निर्धारित स्थान पर न होकर बिसावर में अवैध रूप से सीएचसी के सामने एक स्थान पर किया जा रहा था। बिसावर में एक कैंटर और टाटा वाहन में चावल को लदवाया जा रहा था।
सादाबाद में मिड डे मील के चावल की कालाबाजारी हो रही है। 1 जून को एसडीएम सदाबाद संजय कुमार ने गोपनीय सूचना के आधार पर छापामार कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों में लदे करीब 500 बोरे चावल को पकड़ लिया। चावल से भरे इन ट्रकों को बिसावर चौकी की पुलिस के सुपुर्द किया गया है। इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई के लिए जिला आपूर्ति विभाग और शिक्षा विभाग को कहा गया है।
विज्ञापन
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि नौगांव के राशन डीलर के यहां एनजीओ के जरिए मिड डे मील का चावल भंडारण के लिए आता है। इस चावल का भंडारण नौगांव में निर्धारित स्थान पर न होकर बिसावर में अवैध रूप से सीएचसी के सामने एक स्थान पर किया जा रहा था। बिसावर में एक कैंटर और टाटा वाहन में चावल को लदवाया जा रहा था। दोनों वाहनों में करीब 500 से अधिक चावल के बोरे लाद दिए गए थे।
यह वाहन निकलने को तैयार थे, लेकिन उनके द्वारा मौके पर ही दोनों वाहनों को पकड़ लिया गया। दोनों ट्रकों व चावल के संबंध में अभिलेख मांगे गए तो कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। न तो लदान की कोई लिखा-पढ़ी की गई थी और न ट्रकों के नंबर का कोई रिकार्ड था। इस चावल को अवैध रूप से कालाबाजारी करने के उद्देश्य से अलीगढ़ की ओर ले जाया जा रहा था। उक्त संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी और बेसिक शिक्षा विभाग को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
चावल के 500 से अधिक बोरों से लदे दो ट्रक बिसावर क्षेत्र से पकड़े गए हैं। राशन डीलर इनका लदान करा रहा था। दोनों वाहन चौकी बिसावर की सुपुर्दगी में दे दिये गए हैं। अब आगे की कार्रवाई आपूर्ति विभाग और शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही है। -संजय कुमार, एसडीएम सादाबाद।