ब्लाॅक संसाधन केंद्र पर शनिवार को हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विकास खंड स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला भी हुई। इस मौके पर नौ संकुलों से आए 45 निपुण छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कई बच्चों ने कविता, कहानी, गीत, पहाड़ा आदि प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षाधिकारी आलोक प्रताप श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के छवि चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। खंड शिक्षाधिकारी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्व प्राथमिक शिक्षा से जनसमुदाय को जोड़ना है। इससे 3-6 वर्ष के बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ेगी। साथ ही निपुण भारत के तहत कक्षा 1, 2 और 3 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की जानकारी भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत मुख्यमंत्री द्वारा को लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों को वंडर बॉक्स की सुविधा भी दी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में भय मुक्त वातावरण और समझ विकसित करना है। इस दौरान संविलियन विद्यालय सादाबाद द्वितीय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
इस मौके पर एआरपी रंधीर सिंह, विजयवीर सिंह, प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह, केडी गौतम, अमित प्रताप सिंह, नितिन गोयल, सतेंद्र सोनी, योगेश शरण शर्मा, सचिन उपाध्याय, मोनू वर्मा आदि मौजूद थे।