न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जिला प्रशासन ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों को तेज कर दिया है। यहां जिले में चुनाव संपन्न कराने के लिए आने वाले पैरामिलिट्री फोर्स के भोजन आदि के इंतजाम को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को 50-50 घरेलू सिलेंडरों को रिजर्व में रखने के निर्देश जारी किए हैं। डीएसओ सुरेंद्र यादव ने निर्देशित किया है कि सभी गैस एजेंसी संचालक लोकसभा चुनाव को देखते हुए अग्रिम आदेशों तक कम से कम 50-50 घरेलू गैस सिलेंडर का रिजर्व कोटे में रखेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में चुनाव कराने के लिए आने वाली पुलिस फोर्स के खाना बनाने के लिए कोई समस्या न हो इसलिए आयोग के निर्देशों के क्रम में यह आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों की अवहलेना करने पर एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।