न्यूज डेस्क, अमर उजाला ब्यूरो, (सादाबाद) हाथरस।
सादाबाद और सहपऊ में बनाए गए 29 परीक्षाकेंद्रों पर दो पालियों में हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं हुईं। हाईस्कूल में प्रारंभिक हिंदी और इंटर की सामान्य हिंदी के प्रश्रपत्र की परीक्षा हुई। परीक्षा में कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे बंद होने, सीटिंग प्लान परिषद की नियमों के अनुरूप न होने की शिकायतें मिलीं। एडीएम, एसडीएम और तहसीलदार ने कई परीक्षाकेंद्रों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एडीएम रेखा एस चौहान ने तहसीलदार टीपी सिंह के साथ गांव मिढ़ावली स्थित परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। पहली पाली में इस परीक्षा केंद्र पर एडीएम को सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। जनरेटर भी सुचारू अवस्था में नहीं मिला। सीटिंग प्लान भी गड़बड़ मिला। अन्य कई अनियमिताएं भी इस परीक्षा केंद्र पर मिलीं।
इसके अलावा गढ़ी हरिया के परीक्षा केंद्र पर भी सीटिंग प्लान गड़बड़ था। परीक्षा कक्ष में मेज इतनी अधिक ऊंची थी कि परीक्षार्थी मेज पर कॉपी रखकर लिख तक नहीं पा रहे थे। एडीएम ने व्यवस्थाओं को सुधारने के सख्त निर्देश दिए। इधर, एसडीएम ज्योत्स्ना बंधु ने गांव वासदत्ता और गढ़ी इंछा के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीआईओएस ने तसींगा, कुंजलपुर, राया रोड, पीहुरा, मढ़ाका सहित कई जगह स्थित परीक्षाकेंद्रों का जायजा लिया।
डीआईओएस ने बताया कि कई जगह कैमरे नेटवर्क प्र्रॉब्लम होने के कारण बंद हो गए थे, लेकिन बाद में यह सुचारू कर दिए गए। परीक्षाओं में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। गढ़ उमराव के परीक्षा केंद्र का जायजा सेक्टर मजिस्ट्रेट जियाउर्रहमान ने लिया, उन्होने बताया कि पहली पाली में कैमरे चालू नहीं थे, लेकिन बाद में चालू करवाए गए।
इधर, किसी भी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल होने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन इतना जरूर है कि अबकी बार नकल माफियाओं ने नकल कराने का तरीका बदल दिया है। अब उत्तर पुस्तिकाएं चेंज करने का गेम खेला जा रहा है। सॉल्वरों के जरिए उत्तरपुस्तिकाओं को तैयार कराया जा रहा है। इसकी एवज में काफी धनराशि भी सॉल्वर वसूल कर रहे हैं।
अवैध धन वसूली के लगाए आरोप, दी तहरीर
गढ़ी इंछा के एक परीक्षा केंद्र पर बोर्ड परीक्षा में नकल कराए जाने के एवज में कुछ परीक्षार्थियों ने अवैध धन वसूली करने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में परीक्षार्थियों ने थाने में भी तहरीर दी है।
तहरीर में छात्र अभय जादौन, योगेश राठौर, तु़षार आदि ने बताया कि वह उक्त परीक्षा केंद्र पर इंटर की परीक्षा दे रहे हैं। उक्त परीक्षा केंद्र पर उनसे 2200 रूपये नकद ले लिए गए हैं। मारपीट कर उन्हें पेपर न कराने की धमकी भी दी गई है। एडमिट कार्ड भी नहीं दिए गए हैं।