न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। लोक निर्माण विभाग की ओर से चल रहे निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े हो गए हैं। सांसद राजेश कुमार दिवाकर ने पीडब्ल्यूडी से चल रहे निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। सांसद ने अधिशासी अभियंता एवं उनके अधीनस्थ
अधिकारियों पर ठेकेदारों को लागत मूल्य से अत्यधिक भुगतान करने का आरोप लगाया है। सांसद ने डीएम को लिखे पत्र में यह भी कहा है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच रिपोर्ट की एक प्रति मुझे भी उपलब्ध कराई जाए। इस शिकायत के बाद अधिकारियों में खलबली मची हुई है।
इन दिनों लोक निर्माण विभाग अपने कार्यों और टेंडर प्रक्रिया को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। पूर्व में सांसद की शिकायत पर टेंडर प्रक्रिया को स्थगित किया जा चुका है। टेंडर प्रक्रिया की जांच भी शुरू हो गई है। अब सासंद राजेश कुमार दिवाकर ने फिर तीन निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने के शिकायत डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य से की।
यहां शिकायती पत्र में यह आरोप लगाया है कि पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता और उनके अधीनस्थों ने निर्माण कार्यों में मनचाहा अगणन बनाकर ठेकेदारों को लागत मूल्य से अत्यधिक भुगतान किया है। निर्माण कार्यों पर कोई निविदा प्राप्त नहीं करके अपने चहेते ठेकेदारों को टेंडर दिया गया है। सांसद ने कहा है कि संबंधित निविदाओं की प्रक्रिया एवं प्राकलन और गुणवत्ता की जांच कराई जाए, ताकि सत्यता सामने आ सके।
----------------------
इन निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच की मांग
- रतिभानपुर-भेंकुरी मार्ग के किमी छह से नहर पुल से स्लैब का निर्माण कार्य।
- आगरा जलेसर सिकंदराराऊ मार्ग से जरैरा मार्ग का निर्माण कार्य।
- मथुरा सादाबाद मार्ग से नगला ढोकला मार्ग की मरम्मत का कार्य।
--------------------------
कुछ लोगों द्वारा मुझसे निर्माण कार्यों में मानक की अनदेखी करने की शिकायत की गई थी। इस आधार पर निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच की मांग की गई है।
-राजेश कुमार दिवाकर, सांसद