न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
हाथरस। शासन ने लेखपालों की हड़ताल को अगले छह महीनों के लिए निषिद्ध कर दिया है। शासन ने यह कदम अध्ययनरत छात्रों के शिक्षण संस्थानाें में प्रवेश और छात्रवृत्ति के लिए आय प्रमाण पत्रों की जरूरत के मद्देनजर उठाया है।
शासन ने उत्तर प्रदेश एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट 1966 की धारा-तीन के अंतर्गत इस हड़ताल को निषिद्ध घोषित किया है। डीएम रमाशंकर मौर्य ने बताया कि लेखपालों की हड़ताल की अवधि में जाति, आय एवं अन्य प्रमाण पत्रों के निर्गत किए जाने की कार्यवाही बाधित हो रही थी।
प्रमाण पत्रों को निर्गत किए जाने, जांच कर संस्तुति प्रमाण पत्र निर्गतकर्ता अधिकारी को अग्रसारित करने के लिए लेखपालों के साथ-साथ ग्राम पंचायत अधिकारी तथा ग्राम विकास अधिकारी एवं प्रावधिक सहायक कृषि विभाग को अधिकृत किया गया है। यह अधिकारी और कर्मी समय-सीमा के अंतर्गत वांछित प्रमाण पत्रों को जांच कर संस्तुति प्रमाण पत्र निर्गतकर्ता अधिकारी को अग्रसारित किया जाना सुनिश्चित करेंगे।