41 एसबीएम कार्मिकों की संविदा पर लटकी तलवार
सेवावधि समाप्त होने के बाद सेवा विस्तारित का नहीं आया शासन से कोई फरमान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले में कार्यरत 41 कार्मिकों की संविदा दो अक्तूबर को समाप्त हो गई है। शासन स्तर से इन कार्मिकों की सेवावधि विस्तारित किए जाने के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। अब इन कार्मिकों की संविदा पर तलवार लटक गई है। डीपीआरओ ने भी सभी कार्मिकों को सेवावधि समाप्त होने संबंधी नोटिस थमा दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले में चार डीपीसी, 21 बीसी, 16 कंप्यूटर ऑपरेटर एजेंसी के माध्यम से कार्यरत हैं। कार्मिक प्रदाता एजेंसी द्वारा इन कार्मिकों की सेवावधि दो अक्तूबर 2019 तक के लिए नियुक्त किया गया था। एजेंसी और शासन द्वारा अभी तक इन कार्मिकों की सेवावधि को विस्तारित किए जाने संबंधी आदेश जारी नहीं किया है।
डीपीआरओ बनवारी सिंह ने सभी कार्मिकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस के माध्यम से स्पष्ट कहा है कि 2 अक्तूबर के बाद स्वत: ही सेवा समाप्त समझी जाए। अगर कोई सेवा विस्तारित करने का आदेश नहीं आता है तो सेवा प्रदाता एजेंसी को सभी कार्मिकों को वापस कर दिया जाएगा। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि 2 अक्तूबर को सभी एसबीएम कार्मिकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इन कार्मिकों का कोई सेवा विस्तारक संबंधी आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए अब इन कार्मिकों को सेवा प्रदाता एजेंसी को वापस कर दिया जाएगा।