तेज आंधी और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह झकझोर दिया है। अब तक करीब 390 बिजली पोल गिरने से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति चरमराई हुई है। विभाग ने 310 पोल बदल दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद दूसरे दिन भी कई गांवों में बिजली पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी।
मंगलवार दोपहर आई आंधी के बाद से विद्युत कर्मी लगातार मरम्मत में जुटे हैं। जिले के 65 बिजलीघरों पर तैनात 4 एक्सईएन, 10 एसडीओ, 47 जेई, 102 टीजी-2 और 805 लाइनमैन दिन-रात काम कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि टीमें एक स्थान से दूसरे स्थान तक दौड़ लगाकर आपूर्ति बहाल करने में लगी हैं।
मरम्मत कार्य में तेजी लाने के लिए विभाग ने 20 से अधिक ठेका कंपनियों की मदद ली है। इनके जरिए क्रेन, जेसीबी और अन्य मशीनों से गिरे पोल खड़े किए जा रहे हैं और टूटे तारों को दुरुस्त किया जा रहा है।
बुधवार को सासनी, चंदपा, बामौली, सादाबाद और बिसावर फीडर से जुड़े कई गांवों में देर शाम तक ही आपूर्ति बहाल हो सकी। इससे पहले ग्रामीणों को लंबा इंतजार करना पड़ा और पानी सहित रोजमर्रा के काम प्रभावित रहे। अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही सभी क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित
दूसरे दिन भी बिजली बाधित रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराया रहा। समरसेबल पंप बंद रहने से लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। छोटे व्यापारी, डेयरी संचालक और घरेलू उपभोक्ता भी परेशान रहे।
चंदपा-बामौली क्षेत्र के सैकड़ों गांव अंधेरे में
आंधी-बारिश से चंदपा और बामौली बिजलीघर से जुड़े सैकड़ों गांवों में पूरी रात बिजली गुल रही। कई जगह पेड़ गिरने और तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। अर्जुनपुर, चाचपुर, भटेला, महमूदपुर जाटान, नगरिया, नगला मोतीराय, कोरना, रोहई, चितावर, खेरिया जोध, संटीकरा, ओझा, बिसाना, लखूपुरा, बघना, झींगुरा, बूलगढ़ी समेत कई गांव प्रभावित रहे। बुधवार सुबह कुछ क्षेत्रों में आंशिक आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को राहत मिली।