खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावट खोरों के खिलाफ बुधवार को शहर में छापेमारी की। अलीगढ़ मंडल के सहायक आयुक्त (खाद्य) अजय जायसवाल, सहायक आयुक्त द्वितीय रणधीर सिंह व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में घास की मंडी स्थित एचके एंड कंपनी के यहां मिर्च पाउडर का नमूना लिया गया। मिलावट के संदेह पर गोदाम में भंडारित लगभग 330 किलोग्राम मिर्च पाउडर को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
इसके बाद सासनी में श्री हरि आइस एंड कोल्ड स्टोरेज में भंडारित साबुत हल्दी के दो नमूने संग्रहीत किए गए। यहां भंडारित 36 क्विंटल साबुत हल्दी को विभाग द्वारा सीज कर दिया गया।सहायक आयुक्त (खाद्य) अजय जायसवाल ने बताया कि संग्रहीत किए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि मिलावट पाई जाती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।