प्रदेश सरकार की ओर से रोडवेज बसों में दी गई निशुल्क यात्रा की सुविधा का बुजुर्ग महिलाओं ने लाभ लेना शुरू कर दिया है। बीते पांच दिनों में ही हाथरस डिपो की बसों में 324 बुजुर्ग महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया हे। डिपो अधिकारियों के अनुसार दिन-प्रतिदिन ऐसी महिला यात्रियों की संख्या बढ़ रही है।
हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि महिलाएं इस योजना को खूब लाभ ले रहीं हैं। पहले दिन 30 अगस्त को 24, 31 अगस्त को 97, 01 सितंबर को 53, दो सितंबर को 71 और तीन सितंबर को 79 बुजुर्ग महिलाओं ने मुफ्त यात्रा की। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई इस सुविधा से उन बुजुर्ग महिलाओं को सबसे अधिक राहत मिली है, जिन्हें अपने जरूरी काम, रिश्तेदारों से मिलने या अन्य कार्यों के लिए दूसरे शहरों और कस्बों में आवागमन करना पड़ता है।
डिपो स्तर पर इन यात्राओं का रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचने के साथ ही निशुल्क यात्रा करने वाली बुजुर्ग महिला यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होगी। बुजुर्ग महिला बीना कुलश्रेष्ठ का कहना है कि निशुल्क यात्रा की सुविधा से उन्हें काफी सहूलियत मिल रही है। कांती देवी ने सरकार से मांग की है कि बुजुर्ग महिला के साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर बुजुर्ग महिला को अकेले यात्रा न करनी पड़े। संवाद