32,081 किसानों को जल्द मिलेगी किसान सम्मान निधि की किश्त
विभाग ने शासन को भेजा इन किसानों का डाटा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पीएफएमएस के दौरान रिजेक्ट होने वाले डाटा में से 14,445 किसानों का डाटा सत्यापन कर कृषि विभाग की ओर से शासन को भेज दिया गया है। वहीं विभाग की ओर से नए 17,636 किसानों का डाटा भी शासन को भेज दिया गया है।
अब शासन स्तर से सत्यापित होने के बाद जल्द ही इन किसानों के खाते में सम्मान निधि की पहली किश्त भेज दी जाएगी। यह डाटा लोकसभा चुनावों से पूर्व पीएफएमएस में रिजेक्ट कर संबंधित विभाग को भेजा गया था। विगत में इस डाटा के रिजेक्ट में जाने के कारण इन किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल सका था।
कृषि विभाग की ओर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के करीब 1.35 लाख किसानों का डाटा फीड कराया गया था। इस डाटा में से 90 हजार किसानों के डाटा को केंद्र सरकार ने ओके की मुहर लगाई थी।
शेष किसानों का डाटा पीएफएमएस में रिजेक्ट में चला गया था। इस कारण इन किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पाया गया था। अब फिर से 14,445 किसानों का डाटा फिर से सत्यापन कर डाटा की फीडिंग कर शासन को भेज दी गई है। इस डाटा को कृषि विभाग ने संबंधित तहसीलों को भेज कर लेखपालों के माध्यम से सत्यापित कराया था।
सत्यापन के बाद इस डाटा को फिर से कृषि विभाग की ओर से शासन को भेज दिया गया है। शासन स्तर से ओके की मुहर लगते ही इन किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त शासन स्तर से भेज दी जाएगी। विभाग की ओर से 17,636 नए किसानों का डाटा फीड कर शासन को सत्यापन के लिए भेज दिया है। शासन से डाटा के सत्यापित होते ही इन किसानों के खाते में भी सम्मान निधि की किश्त पहुंच जाएगी।