न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पशुपालन विभाग की ओर से जिले में अस्थायी गोशालाओं की स्थिति में सुधार के लिए अब पशुपालन विभाग की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। विभाग की ओर से सासनी स्थित पराग डेयरी की कार्ययोजना के आधार पर ही अन्य गोशाला में काम कराए जाएंगे। विभाग की ओर से प्रमुख सचिव के आदेश के क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है कि गोवंश के प्रतिदिन के आहार के रेट में बढ़ोतरी करते हुए 30 रुपये कर दिए गए हैं।
जिले की सासनी स्थित पराग डेयरी में बनी अस्थायी गोशाला में प्रमुख सचिव के दौरे के बाद पशुपालन विभाग की ओर से अस्थायी गोशाला के कायाकल्प के लिए कार्य योजना तैयार करना शुरू कर दिया गया है। पशुपालन विभाग की ओर शासन को भी धनराशि की डिमांड भेजी जा रही है। वहीं प्रमुख सचिव पशुपालन विभाग ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया था कि अस्थायी गोशाला में बंद गोवंश के लिए 30 रुपये प्रति दिन के हिसाब से आहार की व्यवस्था की गई है।
पंजीकृत गोशाला में 21 रुपये प्रति गोवंश की आहार की व्यवस्था है। इस निर्देश के क्रम में सभी अस्थायी गोशालाओं के संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए थे कि पराग डेयरी में बनी अस्थायी गोशाला का कायाकल्प किया जाए और पशुओं के पानी और छाया की व्यवस्था की जाए। इन निर्देशों के क्रम में पशुपालन विभाग की ओर पराग डेयरी में बनी अस्थायी गोशाला के कायाकल्प के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस कार्ययोजना का क्रियान्वयन जिले में बनी सभी अस्थायी गोशालाओं पर भी किया जाएगा।