न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से जिले में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। निरीक्षण के दौरान शहरी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बेहद छवि धूमिल करने वाली सामने आई है। यहां शहरी क्षेत्र में शुक्रवार को डीपीओ धर्मेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ ने 21 आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इनमें से 16 केंद्रों पर ताला लटका हुआ मिला।
यहां तक कि कुछ केंद्रों पर बच्चे ही नहीं मिले। अब सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं इस मामले में शहरी क्षेत्र की सीडीपीओ से भी इस मामले में स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का डीपीओ धर्मेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ ने निरीक्षण किया। ज्यादातर केंद्रों पर ताले लटके मिले।
मालूमात करने पर जानकारी हुई कि ये केंद्र सप्ताह में एक या दो बार खुलते हैं। वहीं कुछ केंद्रों के खुले पाए जाने पर यहां बच्चे नहीं मिले और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बिना ड्रेस के मिलीं। डीपीओ ने बंद मिले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इस संबंध में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं डीपीआरओ मुन्नी देवी से भी इन केंद्रों की इस स्थिति को लेकर स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है।