न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। अब देहात में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली विभाग ने कार्य योजना तैयार कर ली है। एक हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में बंच कंडक्टर लाइन डलेगी। लाइन डालने का विभागीय अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार कर अफसरों को भेज दिया है।
अगले दो माह में लाइन डालने का काम शुरू होगा। बता दें कि जिले में बिजली चोरी की गूंज शासन तक है। अब विभागीय अधिकारी बिजली चोरों से सख्ती से निपटने के मूड में हैं। शहर, देहात और कस्बों में एसडीओ और जेई द्वारा बिजली चोरी वाले इलाकों को चिह्नित कर लिया गया है।
जिले के एक हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में बिजली विभाग द्वारा बंच कंडक्टर लाइन डाली जाएगी। लाइन की विभागीय कर्मी द्वारा हर रोज मॉनीटरिंग भी की जाएगी। कहीं किसी ने लाइन में कट तो नहीं लगा लिया है। जिस एरिया में कट लगाया जाएगा, उस इलाके में विभागीय अधिकारी अचानक छापेमारी करेंगे, ताकि दोबारा कोई इस तरह का प्रयास नहीं कर सके।
सभी उपभोक्ताओं को डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स से ही कनेक्शन दिए जाएंगे। इस मामले में अधीक्षण अभियंता प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि दो माह बाद एक हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में बिजली चोरी को रोकने के लिए बंच कंडक्टर लाइन डाली जाएगी। इसका प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है।