न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। प्रदूषण बोर्ड ने जिले 10 ईट भट्टों पर बड़ी कार्रवाई की है। इन भट्टों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए है। इन भट्टों के संचालकों पर यह कार्रवाई प्रदूषण बोर्ड से परमिशन के बिना संचालन करने कारण हुई है। इन भट्टों की सूची जिला प्रशासन के अधिकारियों के पास पहुंच गई है। त्योहार के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी बोर्ड से आई रिपोर्ट के आधार पर टीम बनाकर कार्रवाई शुरू करेंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी तहसील स्तरीय टीम बनाएंगे और बोर्ड से आई भट्टों की सूची के आधार पर बंद कराए जाने की कार्रवाई करेंगे।
पिछले दिनों जिले के तीन अन्य भट्टों को बंद कराने के लिए प्रदूषण बोर्ड से सूची भेजी गई थी। इसके लिए जिला प्रशासन ने कमेटियां भी गठित कर दी थी। अब इस सूची को भी प्रशासनिक अधिकारियों ने वर्तमान सूची में शमिल कर लिया है। तहसील स्तर से एसडीएम की देखरेख में टीमें बनाई जा रही है। यह टीमें इन भट्टों को बंद कराकर अपनी रिपोर्ट निर्धारित समय में प्रस्तुत करेंगी। इनमें से कुछ भट्टे टीटीजेड क्षेत्र में भी संचालित है।
एडीएम रेखा एस चौहान ने बताया कि प्रदूषण बोर्ड से वर्तमान में 10 भट्टों को बंद कराने की सूची आई है। कुछ दिनों पहले भी 3 भट्टों के बंद करने की सूची प्राप्त हुई थी। तहसीलों से टीम बनाकर सभी भट्टों पर एक साथ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।