न्यूज डेस्क, अमर उजाला हाथरस।
जिले की चारों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवसों का आयोजन किया गया। डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य ने पूरे अमले के साथ तहसील हाथरस में शिकायतें सुनीं, जबकि बाकी जगहों पर संबंधित एसडीएम ने शिकायतों की सुनवाई की। संपूर्ण समाधान दिवस में 231 में से 11 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
डीएम ने जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए शासन एवं प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त की और जनसमस्याओं का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रार्थनापत्रों के निस्तारण में कोताही मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हाथरस तहसील में जिलाधिकारी डॉ. रमाशंकर मौर्य ने पुलिस अधीक्षक सुशील घुले, एसडीएम अरुण कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई करके इनके निस्तारण की कार्रवाई की।
उन्होंने शासन की अपेक्षा के अनुसार जिले में जनसमस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संवेदनशील रवैया अपनाकर पीड़ित लोगों को राहत पहुंचाने के बारे में सभी अधिकारियों को कडे़ निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
सासनी में आयोजित तहसील दिवस में कुल 75 शिकायतें आईं, जिनमें से छह का निस्तारण किया गया। यहां एसडीएम अंजुम बी ने तहसील स्तरीय अफसरों के साथ शिकायतों की सुनवाई की। सादाबाद तहसील में एसडीएम इंद्रसेन यादव ने शिकायतों की सुनवाई की। कुल 38 शिकायतों में से तीन का निस्तारण किया गया। तहसील सिकंदराराऊ में कुल 35 शिकायतें आईं।