ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
डीएम के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। अभिहीत अधिकारी श्वेता सैनी के नेतृत्व में एफडीए की टीम ने जिले में कई जगहों पर छापेमारी की। टीम ने खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। कार्रवाई से खान-पान विक्रेताओं में खलबली मची रही।
टीम ने सबसे पहले हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पुरा खुर्द में छापा मारकर दूध और खोवा का नमूना लिया। टीम ने जलेसर रोड पर ऋतु प्रोडक्ट पर छापा मारा। टीम ने यहां पाम आयल और मसाले का नमूना लिया। इसके बाद टीम गांव नगला गूलरिया पहुंची।
यहां टीम ने प्रवीण कुमार के यहां से दूध का नमूना लिया। कार्रवाई से इन विक्रेताओं में खलबली मची रही। डीओ श्वेता सैनी ने बताया कि इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।