हाथरस रोडवेज बस स्टैंड पर परीक्षा छूटने के बाद बस पकड़ने पहुंचे अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : Archive
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए परिवहन निगम द्वारा अभ्यर्थियों को दी गई विशेष यात्रा सुविधा का व्यापक असर देखने को मिला। हाथरस डिपो की बसों में पिछले दो दिनों में करीब 31 हजार अभ्यर्थियों ने किराये में दी गई छूट का लाभ उठाकर अपने गंतव्य तक यात्रा की। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसों का संचालन करना पड़ा।
परीक्षा के दौरान हाथरस जनपद प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों का प्रमुख केंद्र बना रहा। ऐसे में रोडवेज बसों में लगातार भीड़ बनी रही। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हाथरस डिपो ने नियमित सेवाओं के साथ अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की। निगम की ओर से लगभग 80 बसों को विभिन्न मार्गों पर संचालित किया गया।
मुरादाबाद के अलावा मथुरा-कासगंज रूट पर अभ्यर्थियों की संख्या सबसे अधिक रही। इस कारण इस मार्ग पर करीब 15 अतिरिक्त बसें दौड़ाई गईं। कई बसों को रिजर्व में रखकर जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर भेजा गया, जिससे परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार के अनुसार परीक्षा के तीसरे दिन भी अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए बस स्टैंड पर अतिरिक्त बसें रिजर्व रखी गईं। परीक्षा केंद्रों से निकलने वाले अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर बसों का संचालन किया गया। बस स्टैंड पर अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई। अभ्यर्थियों को सही बसों की जानकारी देने, भीड़ नियंत्रित करने और अतिरिक्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की गई। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों के बावजूद परिवहन व्यवस्था सुचारु बनी रही।