तीन सफाई कर्मियों को किया निलंबित, खलबली
मंडलायुक्त के दौरे स्थल पर सफाई में लापरवाही पर डीपीआरओ ने की कार्रवाई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। ब्लॉक हसायन के गांव पोरा में मंडलायुक्त के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सफाई कार्य में लापरवाही पर डीपीआरओ ने एक सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया है। एडीओ पंचायत की आख्या के आधार कार्य में लापरवाही बरतने पर दो अन्य सफाई कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई से सफाई कर्मियों में खलबली मच गई है।
गांव पोरा में मंडलायुक्त अजयदीप सिंह का 28 जुलाई को भ्रमण प्रस्तावित है। इसको लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। गांव पोरा की सफाई के लिए एडीओ पंचायत ने सफाई कर्मी महावीर सिंह की तैनाती की थी। डीपीआरओ ने इस स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया कि सफाई कर्मी सफाई कार्य नहीं कर आराम से बैठे थे। जानकारी लेने पर इस कर्मी द्वारा अपना पदनाम भी छिपाया गया। डीपीआरओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाईकर्मी महावीर सिंह का तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इस प्रकरण की जांच एडीओ पंचायत मुरसान को दे दी गई है। एडीओ पंचायत सासनी ने अपनी रिपोर्ट में अवगत कराया कि गांव नगला भंभू जाट में तैनात सफाईकर्मी हर प्रसाद विगत माह से गैरहाजिर चल रहा है, जिसके कारण गांव में सफाई कार्य नहीं हो रहा है। ग्राम प्रधान अल्हैपुर चुरसेन ने उक्त गांव में तैनात सफाईकर्मी उमरदीन के गैरहाजिर रहने के संबंध में ब्लॉक में प्रार्थना पत्र दिया था। इन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने सफाईकर्मी हर प्रसाद और उमरदीन को निलंबित कर दिया है। सभी सफाईकर्मी निलंबन अवधि में ब्लॉक मुख्यालय पर संबद्ध रहेंगे।