संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
मंडी गोविंदगढ़ फतेहपुर साहब से इटावा जा रहे ट्रक से 26 टन सरिया गायब हो गई। चालक ने कोतवाली में आकर पूरा वाक्या सुनाया। वहीं, मालिक ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में सरिया गायब होने पर ट्रक चालक पर शक जताया है। इस पर कोतवाली पुलिस ने बताया कि गायब सरिया का पता चल गया है पुलिस उसे चालक की निशानदेही पर बरामद करने गई है।
विनोद कुमार पुत्र तरसेमलाल निवासी सुभाष नगर मंडी गोविंदगढ़ जिला फतेहगढ़ साहिब ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि एक ट्रक जिसका चालक रामू सिंह पुत्र रामसुमरन पाल निवासी राजा खेड़ा थाना हैथरगढ़ बाराबंकी के साथ ट्रक में 26 टन सरिया नौ जून को इटावा के लिए भेजी थी।
11 जून को चालक ने सिकंदराराऊ क्षेत्र के एटा रोड पर काली के मंदिर के पास होना बताया। इतनी बात करने के बाद चालक ने मोबाइल बंद कर लिया। हमें पूरा शक है कि चालक ने सरिया कहीं बेच दी है। तहरीर के बाद कोतवाल प्रवेश राना हरकत में आ गए। उन्होंने चालक से पूछताछ की। पूछताछ में इसमें चालक का हाथ होने की बात सामने आ रही है। खबर लिखे जाने तक चालक की निशानदेही पर कोतवाली पुलिस सरिया बरामद करने गई हुई थी।