जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को दो लोगों के बैंक खातों से कुल 2.53 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में विधि सह परिवीक्षा अधिकारी दीपक कुमार के व्हाट्सएप पर 11 जून को ई-चालान नाम से एपीके फाइल आई। फाइल खोलने के अगले दिन उनके केनरा बैंक खाते से सात ट्रांजेक्शन में 1,73,230 रुपये निकल गए। उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की थी, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज हुई।
नगला रामसिंह, ममौता कलां निवासी रश्मी सत्संगी के खाते से 80 हजार रुपये निकल गए। उनके पति ने इलाज के लिए 15 जुलाई को एसबीआई खाते में पीएफ की रकम भेजी थी। रश्मी के अनुसार 21 जुलाई को मोबाइल अचानक अपडेट होने लगा। इसी दौरान फोनपे के जरिए रकम हिमांशू सिंह की जीपे आईडी में ट्रांसफर हो गई।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। उन्होंने अनजान लिंक या एप न खोलने और ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की।