नगर क्रीड़ास्थल में शुक्रवार की शाम को आयोजित समारोह में नवनिर्वाचित नगर पालिकाध्यक्ष मुशीर कुरैशी और 25 सभासदों को उपजिलाधिकारी वेद सिंह चौहान ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में नगर के आम और खास लोग मौजूद रहे।
पहले नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुशीर ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। इसके बाद सभासद दीक्षा भारती, आशा देवी, धर्मेंद्र कुमार, एवरन सिंह, श्रीमती अजय कुमारी, कांति देवी, जयमती देवी, ललित कुमार, जरीना, रविकुमार, अमर बाबू, चंद्रवती, रमा, अकबर नबाव, फरजंद अली, मोहम्मद फहीम अंसारी, राज वार्ष्णेय, हाजी मोहम्मद नईम, डॉ. राकेश सेंगर, मो. आबिद, छोटे, सतीशचंद्र, राेहिल खान, मोहम्मद दिलशाद अंसारी और नजमा नूर ने शपथ ली।
इस बार बोर्ड में 10 महिलाओं को मौका मिला है। वह बाेर्ड में बैठकर नगर की समस्याओं का निराकरण करें। लगातार तीसरी बार फहीम अंसारी, दिलशाद अंसारी, नजमा नूर चुनकर आई हैं।
समारोह में एआईएमआईएम के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष मेहताब चौहान, स्थानीय अध्यक्ष शमी अख्तर कुरैशी, जिलाध्यक्ष इकबाल के अतिरिक्त पूर्व विधायक अमर सिंह यादव, पप्पू भारती, विजेंद्र सिंह जाटव, मेहरबान कुरैशी, मोहम्मद खालिद कुरैशी आदि थे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। संवाद
शपथ ग्रहण में रहा अव्यवस्थाओं का बोलबाला
सिकंदराराऊ। शपथ ग्रहण के दौरान अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। शपथ के बाद नाश्ता के पैकेटों के लिए मारामारी मच गई। पैकेट वितरण कर रहे कर्मचारियों के हाथ से लोग पैकेट का पूरा थैला ही छीनकर ले गए। समारोह के लिए क्रीड़ास्थल पर मंच बनाया गया। शाम चार बजे भीड़ शपथ ग्रहण स्थल पर पहुंच गई। मंच पर अव्यवस्था का आलम यह था कि सभासदों के लिए डाली गई कुर्सियों पर अन्य लोग जम गए। काफी लोग मंच पर भी चढ़ गए। कई को बलपूर्वक उठाकर सभासदों को बिठाया गया। कुछ के लिए अलग से कुर्सियां डाली गईं। संवाद