हाथरस। शासन ने जिल के 13 जर्जर मार्गों के कायाकल्प की मंजूरी दे दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधीन आने वाले इन मार्गाें के सुधार पर कुल 248.86 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके सापेक्ष चालू वित्तीय वर्ष में 87.10 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
जिन मार्गाें के निर्माण की स्वीकृत दी गई है, उनमें सासनी-इगलास मार्ग से जिरौली, सासनी-नानऊ मार्ग से खिटौली-कटैलिया, सासनी-कैलोरा से भोजगढ़ी, हाथरस-जलेसर मार्ग से बलना और तिपरस, फरौली से भोपतपुर होते हुए हाथरस जंक्शन, एनएच-509 से खोरना, बस्तोई से नगला मियां तक के मार्ग शामिल हैं।
इनके अलावा हसायन-बाण से सेंगला, वाटर वर्क्स ढकपुरा से महेंद्रगढ़ी, रुहेरी से गल्लपुरा, सीटीके मार्ग से लहरा जोगिया और पीबी मार्ग से सोखना शामिल हैं। इन मार्गों के आबादी वाले हिस्सों में सीसी सड़क का निर्माण और अन्य हिस्सों में विशेष मरम्मत कराई जाएगी। कार्यों की लागत 5.56 लाख से लेकर 39.20 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। अधिशासी अभियंता लोनिवि संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।