जिले में सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत बड़ी कार्ययोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत लोनिवि के प्रांतीय खंड द्वारा सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के तहत मथुरा-सादाबाद-जलेसर-अवागढ़ मार्ग पर चिह्नित 24 ब्लैक स्पॉट व संवेदनशील मोड़ों को दुरुस्त किया जाएगा।
इस सड़क सुरक्षा परियोजना के लिए शासन ने करीब 1.34 करोड़ रुपये की प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए 46.97 लाख रुपये का प्रारंभिक बजट अवमुक्त कर दिया है। मथुरा-सादाबाद-जलेसर मार्ग पर आए दिन होने वाले हादसों को रोकने के लिए शेष 24 स्थानों पर टी-जंक्शन व वाई-जंक्शन पर सड़क सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे।
इन स्थानों पर तीखे मोड़ों का सुधार, संकेतक, सोलर ब्लिंकर, रंबल स्ट्रिप्स और सुरक्षात्मक रैलिंग जैसे जरूरी कार्य होंगे, ताकि तीव्र गति से आने वाले वाहनों को समय रहते मोड़ों और क्रॉसिंग की स्पष्ट जानकारी मिल सके। शासन ने निर्देश दिए हैं कि योजना के तहत तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर तत्काल कार्य शुरू कराया जाए और शासनादेश जारी होने के छह माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।
अधिशासी अभियंता लोनिवि संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और वित्तीय पारदर्शिता पर पूरी नजर रखी जाएगी। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से मथुरा-सादाबाद-जलेसर मार्ग पर रोजाना सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों व क्षेत्रीय ग्रामीणों का आवागमन सुरक्षित हो सकेगा और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।