ब्यूरो, अमर उजाला, सादाबाद/हाथरस।
विश्व योग दिवस के मौके पर अच्छे स्वास्थ्य और पर्यावरण के संदेश को लेकर साइकिल के उपयोग पर बल देते हुए समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने सादाबाद नगर में साइकिल रैली निकाली। कार्यकर्ताआें ने लोगों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाने के लिए जागरूक किया।
साइकिल रैली का शुभारंभ आगरा रोड स्थित ईदगाह से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना योग से अधिक कारगर है। मोदी के योग से साइकिलिंग करना बड़ा योग है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध चरम सीमा पार कर चुका है। बहन बेटियां स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जनता आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि सपा के लोग जनता के साथ हैं और हर जुल्म के खिलाफ जनता के साथ खड़े नजर आएंगे।
सपा पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. भाजुद्दीन ने कहा कि प्रदेश में विकास अखिलेश यादव ने कराया था। इसकी तस्वीर पूरे प्रदेश में नजर आ रही है। साइकिल रैली आगरा रोड, हाथरस रोड, बस स्टेंड सहित कई स्थानों से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंची। इस मौके पर मोंटू चौधरी, प्रताप चौधरी, लेखराज सिंह, जावेद कुरैशी, हाफिज शफीक कुरैशी, मंसूर अहदम, कल्ला सेठ, कैलाश ठेंनुआ, सलीम मिस्त्री, यामीन मुखिया, गुड्डू पेंटर आदि थे।