प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कांशीराम टाउनशिप पहुंच कर स्वच्छता की अलख जगाई। यह काम उन्होंने केवल बातों से ही नहीं, बल्कि हाथों में फावड़ा लेकर कीचड़ में घुसकर सफाई करके किया। सांसद राजेश दिवाकर, सदर विधायक हरीशंकर माहौर और डीएम अमित कुमार सिंह ने भी टाउनशिप की नालियों को साफ किया। प्रभारी मंत्री ने लगभग दो घंटे सफाई की। मंत्री के साथ ही जब भाजपाई भी सफाई करने लगे तो उन्होंने मना कर दिया और अलग-अलग ब्लॉकों में जाकर सफाई करने के लिए कहा।
कुछ भाजपाई थोड़ी देर में ही थक गए और फोटो खिंचाने के बाद फावड़ा छोड़ दिया, लेकिन प्रभारी मंत्री, सांसद और डीएम सफाई कार्य में जुटे रहे। गंदगी और जलभराव को लेकर हो-हल्ला करने वाले टाउनशिप के स्थानीय बाशिंदे भी सफाई कार्य करने के लिए आगे नहीं आए, जबकि मंत्री और अधिकारी सफाई करते रहे। कुछ भाजपाई प्रभारी मंत्री के साथ ही सफाई कराते हुए फोटो खिंचाने में मशगूल रहे। उन्होंने जब अलग-अलग ब्लॉक में जाकर सफाई करने के लिए कहा कुछ ने बात मानी और कुछ इधर-उधर घूमने लगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सफाई कार्य हेतु सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। शहर की मलिन बस्तियों में सफाई के लिए अधिकारी, जनप्रतिनिधियों और जागरूक समाजसेवी संगठनों द्वारा मिलजुल कर प्रभावी ढंग से अभियान चलाया जाए। सफाई के बाद प्रभारी मंत्री ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कहा कि अपने घर के बाहर सड़क पर कूडा-करकट नहीं फेंकें। अपने घर के अलावा घर के बाहर और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखें। उन्होंने कांशीराम कॉलोनी सहित शहर की अन्य मलिन बस्तियों मेें नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।