शुक्रवार को मातृत्व सप्ताह शुरू हो गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मनाए जा रहे इस सप्ताह में पहले दिन 1810 के लक्ष्य के सापेक्ष 2054 गर्भवती माताओं का पंजीकरण कर उनकी जांच की गई। 289 महिलाओं को हाईरिस्क प्रेग्नेंसी के लिए चिंहित किया गया है।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग मातृत्व सप्ताह मना रहा है। डीएम अविनाश कृष्ण सिंह व सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह ने मुरसान ब्लाक के गांव फरसौटी में मातृत्व सप्ताह का शुभारंभ किया और यहां मौजूद महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछा। इसके बाद डीएम ने गांव नगला बाबू में भी मातृत्व सप्ताह के तहत लगाए गए कलस्टर को चैक किया।
कलस्टरों पर गर्भवती माताओं की जांच के दौरान वजन, ब्लडप्रेशर, हीमोग्लोबिन, पेशाब में शुगर/एलब्यूमिन, पेट में गर्भ की जांच की गई। कई महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की गोलियां और प्रसव पूर्व पोषण संबंधी सलाह भी दी गई। इस अभियान में आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम कार्यकत्रियों का सहयोग सराहनीय रहा।
सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह ने गांव रूहेरी, रघनिया, नगला भूरा और लहरा के कलस्टरों का निरीक्षण किया, यहां मिली कई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसीएमओ भी मौजूद थे।
वहीं सिकंदराराऊ के कचौरा के उमा आयुर्वेद भवन के प्रांगण में स्व. मयंक शर्मा की स्मृति में श्री कृष्णलाल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं कल्याण करोति मथुरा के तत्वावधान में 18 अक्तूबर को विशाल निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें मोतियाबिंद पात्राें का ट्रस्ट द्वारा मथुरा के श्रीजी नेत्र चिकित्सालय में आपरेशन कराया जायेगा। यह जानकारी आयोजक गिरजाशंकर शर्मा एवं सुनील शर्मा ने दी।