न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डीआरबी इंटर कॉलेज में बुधवार को माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई, जिसमें नौ सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष विजयपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई।
वक्ताओं ने कहा कि समान कार्य के लिए सम्मानजनक वेतन दिलाया जाए। एक अप्रैल 2005 के पूर्व की सुनिश्चित पेंशन (पुरानी पेंशन) योजना लागू हो, कोषागार से वेतन आहरित कर रहे अद्यतन कार्यरत तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, माध्यमिक शिक्षकों एवं कर्मचारियों को चिकित्सकीय सुविधा प्रदान हो, एलटी ग्रेड में संविलयित शिक्षकों को राजकीय शिक्षकों की भांति सीटी ग्रेड की सेवा का लाभ मिले, माध्यमिक व्यवसायिक व कंप्यूटर अनुदेशकों को शिक्षक पद पर समायोजित किया जाए, आमेलित विषय विशेषज्ञों को उनके पूर्व की सेवा दिलाना, माध्यमिक शिक्षा परिषद के मूल्यांकन, निरीक्षण एवं अन्य पारिश्रमिक दरों को सीबीएससी के समतुल्य करना और एलटी ग्रेड शिक्षकों को प्रोन्नत वेतन मान के लिए स्नात्कोत्तर उपाधि की बाध्यता समाप्त करने पर चर्चा की गई। यहां पर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया।
तीनों मूल्यांकन केंद्रों पर संघर्ष समितियों का गठन किया गया। संचालन अरुण कुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर चमनेश राजपूत संरक्षक, शतरूद्र प्रकाश यादव उपाध्यक्ष, आलोक गुप्ता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, सतीश कुमार, अमित कुमार, मुन्नालाल संत, दानवीर सिंह, राकेश कुमार, श्यौराज सिंह आदि मौजूद थे।