अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
उच्चाधिकारियों की लगातार मिल रही फटकार के बाद अब जिले में बिजली महकमे ने बकाएदारों के प्रति अब सख्त रवैया अपना लिया है। विद्युत वितरण खंड तृतीय के क्षेत्र में आने वाले 11 गांव की बिजली शुक्रवार को गुल कर दी गई। इससे इन गांव में बिजली के लिए हाहाकार मचा रहा। बिना बिजली के लोग बेहद परेशान रहे।
विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिकारियों ने शुक्रवार को सिंधौली, नगला शंकर, कुंदनपुर, वमनहार, नगला वीरबल, नगला जाहरू, हर्दपुर, नगला मधुकर, उल्दापुर, भीमपुर और गढ़ी सिंघा की बिजली गुल करा दी। इन सभी गांवों में पर करीब 40 लाख रुपये का बकाया चल रहा था। बार-बार कैंप लगाने, बिजली महकमे की टीम द्वारा राजस्व बकाया वसूली के लिए अभियान चलाने के बाद भी इन गांव के लोगों ने महकमे का बकाया जमा नहीं किया, लिहाजा महकमे को इन गांव की बिजली को गुल करना पड़ा।
एक्सईएन अखिलेश कुमार ने बताया कि बकाएदार गांव की सूची तैयार कर ली गई है। जिन गांव में सबसे अधिक बकाया है, उनकी बिजली को गुल कराया जा रहा है। अभी कई और गांव की बिजली गुल की जाएगी, इसलिए उपभोक्ता महकमे का बकाया बिल तुरंत जमा कर दें, जिससे उन्हें असुविधा न हो।