न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। शासन स्तर से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत आगामी 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस को जनमानस से जोड़ते हुए मनाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सभी जिलों में नौ नवंबर से 19 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए शासन स्तर दस दिवसीय कार्यक्रमों के आयोजन की सूची संबंधित विभाग को भेज दी गई है। आदेश के अनुसार विभागीय अधिकारियों को शौचालय दिवस से संबंधित प्रतियोगिताएं, डस्टबिन, बायोगैस, सुरक्षित अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए कंपोस्ट पिट आदि के लिए लोगों को जागरूक किया जाना है। शासन के निर्देश पर कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर अधिकारियों को नामित कर दिया गया है।
यह अधिकारी घर-घर बैठक कर स्वच्छता के लिए व्यवहार परिवर्तन करना, ग्राम स्तरीय स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन, प्रत्येक पंचायत घर पर खुले में शौच मुक्त भारत बोर्ड का लगाया जाना, पंचायत घरों पर दो गढ्ढे वाले जलबंद शौचालय का प्रमुखता से प्रदर्शन करना, गोबर धन योजना के अंतर्गत बायोगैस प्लांट स्थापित करना, आदि कार्यक्रमों का आयोजन कराएंगे। वही इन आयोजनों को 19 नवंबर को विभाग के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। पोर्टल पर अपलोड होने के बाद सर्वाधिक श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा।