न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। स्वच्छता भारत मिशन के तहत जिले को ओडीएफ घोषित करने के लिए विभागीय अधिकारी जुटे हुए है। 2 अक्टूबर से पहले जिले को ओडीएफ करने के लिए अधिकारी प्रयासरत है। अब जिले की 140 ग्राम पंचायतों को प्रथम चरण में ओडीएफ प्लस के चयनित कर लिया गया है। इन ग्राम पंचायतों का मंडलीय स्तर से ओडीएफ का सत्यापन पूरा हो चुका है। सत्यापन पूरा होने के बाद इन ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस के लिए तैयार किया जा रहा है। इन सभी ग्राम पंचायतों में ओडीएफ प्लस के तहत कार्ययोजना पर कार्य किया जाएगा।
इन ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ठ पदार्थ के निस्तारण के लिए विभाग की ओर से व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक गांव में सफाईकर्मी की तैनाती की जाएगी। जो गांव के प्रत्येक घर से कूड़ा लेकर आया करेगा और उसका निस्तारण विभाग की कार्ययोजना के आधार पर करेगा। वही गांव के प्रत्येक चौक पर एक-एक कूड़ादान लगाया जाएगा। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन की टीमें इन गांवों में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरुक करेंगी। यहां तक कि यह टीमें गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी देंगी। जिले के ओडीएफ घोषित होते ही इन ग्राम पंचायतों में तेजी से काम शुरू कर दिया जाएगा।