अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए डीआईओएस ने जिले में 10 विद्यालयों को अग्रसारण केंद्र नामित किया है। जिससे परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं को बोर्ड फॉर्म भरने के लिए अधिक भाग दौड़ न करनी पड़े।
शहर के श्री रामबाग इंटर कॉलेज को छात्रों के लिए अग्रसारण केंद्र निर्धारित किया है। इसमें हाईस्कूल के 300 एवं इंटरमीडिएट के 300 विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। जबकि छात्राओं के लिए सेठ हरचरनदास इंटर कॉलेज को अग्रसारण केंद्र नामित किया है।
इसमें हाईस्कूल की 300 एवं इंटरमीडिएट की 300 छात्राओं के बोर्ड फॉर्म भरवाए जा सकेंगे। जबकि जीएसएएस इंटर कॉलेज मुरसान, एसबीजे इंटर कॉलेज बिसावर, श्री मलखान सिंह इंटर कॉलेज ठूलई, एमएल इंटर कॉलेज सहपऊ, एसजीआर इंटर कॉलेज पुरदिलपुर, महाराण प्रताप इंटर कॉलेज सुजावलपुर को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के तीन-तीन सौ विद्यार्थियों का मिश्रित रूप से अग्रसारण केंद्र बनाया है। सादाबाद इंटर कॉलेज सादाबाद, जीएस हिंदू इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ को भी मिश्रित रूप से हाईस्कूल के 400-400 विद्यार्थियों के आवेदनों का अग्रसारण केंद्र निर्धारित किया है।