न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेश राजस्व सामयिक संग्रह कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के तहत सामयिक संग्रह अनुसेवकों ने विनियमितीकरण शासनादेश के अनुसार नहीं किए जाने को लेकर एडीएम अशोक कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि 45 वर्ष से अधिक आयु के सामयिक संग्रह अनुसेवकों के विनियमितीकरण में शासनादेश का पूर्ण रूप से अनुपालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी संग्रह अनुसेवक वर्षों से ईमानदारी व सत्य निष्ठा के साथ कार्य करते चले आ रहे हैं।
जिले में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 40 अनुसेवक हैं, जिनमें से मात्र 11 लोगों का ही विनियमितीकरण किया गया है। सभी के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। संग्रह अनुसेवकों ने मांग की है कि सभी संग्रह अनुसेवकों का 100 फीसदी विनियमितीकरण कराया जाए, अन्यथा की स्थिति में चार मार्च से जिले के संग्रह अमीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर बृजवासी, नाहर सिंह, हाकिम सिंह, प्रभुदयाल, निर्मल दास, सत्यपाल, रमेश चंद्र, नेम सिंह, राजेश, कंचन सिंह, प्रेमपाल, विश्व कांत, गंभीर सिंह, रूपेश कुमार उपाध्याय आदि मौजूद थे।