न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जिले में शासन के दूत ने नकल विहीन परीक्षा की हकीकत परखी। संयुक्त निदेशक लखनऊ ने मुरसान क्षेत्र के आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और डीआईओएस दफ्तर के कंट्रोल रूम को देखा।
बुधवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की सुबह की पाली में जेडी भगवती सिंह हाथरस पहुंचे। सुबह की पाली में हाईस्कूल कंप्यूटर और इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र की परीक्षा का जायजा लिया।
उन्होंने लाखन सिंह खजानी देवी इंटर कॉलेज मुरसान, राजा महेंद्र प्रताप इंटर कॉलेज मुरसान, जीएसएएस इंटर कॉलेज मुरसान, चौधरी चरनसिंह इंटर कॉलेज बंका, विद्या देवी इंटर कॉलेज कोटा, बाईसी इंटर कॉलेज कोटा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में परीक्षा के दौरान नकल विहीन परीक्षा की हकीकत को परखा। ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के बारे में भी परीक्षा केंद्रों के कंट्रोल रूम में लगे डिस्प्ले को देखकर जायजा लिया। उनके साथ डीआईओएस सुनील कुमार, राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य योगेश कुमार, प्रधानाचार्य मुकेश कुमार भी थे।
परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के बाद जेडी डीआईओएस दफ्तर पहुंचे और यहां पर कंट्रोल रूम में लगे लैपटॉप पर परीक्षा केंद्रों पर चली परीक्षा का ऑनलाइन रिकार्ड जांचा।