राजकीय हाईस्कूलों में शिक्षकों की कमी की जाएगी दूर
हेडिंग
माध्यमिक स्कूलों में तैनात होंगे रिटायर्ड शिक्षक
क्रासर
परिषद ने 83 शिक्षकों की तैनाती करने का लिया निर्णय
शिक्षण कार्य में आ रहे अवरोध को दूर करने की पहल
अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद के राजकीय हाईस्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए अब विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, कला, सामाजिक विज्ञान विषयों के सेवानिवृत्त शिक्षकों की मानदेय पर तैनाती होगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार किया जा सके। इस योजना के तहत जिले के सभी 19 राजकीय स्कूलों में 83 शिक्षकों की तैनाती करने का निर्णय लिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जिले में ग्रामीण एवं गरीब विद्यार्थियों को स्तरीय शिक्षा देने के लिए शहर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के बाद राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के माध्यम से 18 राजकीय हाईस्कूलों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन पिछले कई सत्र से इन विद्यालयों का संचालन होने के बावजूद परिषद की ओर से अभी तक इन विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती नहीं की जा सकी है, जिससे एक-एक स्कूल में कक्षा नौ और 10 की कक्षाएं एक एक शिक्षक के सहारे ही चल रही हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परिषद की योजना के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान नहीं की जा रही है।
परिषद ने अब शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए विभाग के माध्यमिक विद्यालयों से सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को मानदेय पर तैनाती दिए जाने का निर्णय लिया है, जिससे विधिवत रूप से शिक्षकों की तैनाती नहीं होने तक इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य कराया जा सके। इसके लिए विभाग ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में एक हिंदी और एक कला शिक्षक, राजकीय हाईस्कूल बस्तोई में एक अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, राजकीय हाईस्कूल मढापिथू में हिंदी, अंग्रेजी, राजकीय हाईस्कूल अरौठा में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला, राजकीय हाईस्कूल बामौली में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला एवं अन्य सभी राजकीय हाईस्कूलों को मिलाकर 83 सेवानिवृत्त शिक्षकों की तैनाती करने का निर्णय लिया है।
-------
- परिषद के आदेश के बाद सेवानिवृत्त शिक्षकों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिवत रूप से परिषद से स्वीकृति प्राप्त कर सेवानिवृत्त शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी।
- जेके मलिक, डीआईओएस हाथरस